Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों की टीमें गठित कर दी हैं जो नदियों गाड़-गदेरों बरसाती नालों के बढ़ते जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। साथ ही लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जनपद की नदियों गाड़-गदेरों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में जनपदवासियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से नदियों और बरसाती नालों के आसपास न जाएं तथा नदी किनारे रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन पुलिस लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भूस्खलन मलबा आने या अन्य कारणों से सड़क अवरुद्ध होती है तो संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारु कराने की कार्रवाई करेंगी ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या समस्या की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष अथवा प्रशासन को दें। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp