Spread the love

प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नीलकंठ कांवड़ यात्रा 2026 के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और सहायता के लिए तैनात पुलिस की सक्रियता भी नजर आने लगी है। यात्रा मार्ग पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं। इसी क्रम में नीलकंठ पुलिस चौकी की खोया-पाया टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला श्रद्धालु का खोया हुआ पर्स खोजकर सकुशल वापस लौटाया। जानकारी के अनुसार 29 जुलाई 2026 को नीलकंठ पुलिस चौकी पर तैनात खोया-पाया टीम को सूचना मिली कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी महिला श्रद्धालु कृष्णा देवी का यात्रा के दौरान पर्स कहीं गुम हो गया है। पर्स में नकद धनराशि के साथ अन्य आवश्यक सामान भी रखा हुआ था। सूचना मिलते ही खोया-पाया टीम में तैनात महिला हेड कांस्टेबल पिंकी वर्मा और होमगार्ड संगीता ने तत्काल खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने पर्स बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से महिला श्रद्धालु को सौंप दिया। अपना खोया हुआ पर्स वापस मिलने पर कृष्णा देवी ने खुशी जताते हुए खोया-पाया टीम और ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही है। पुलिस टीम महिला हेड कांस्टेबल पिंकी वर्मा एवं होमगार्ड संगीता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *