Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर शहर की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार ने पंच पीपल से स्वीत तक करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बार एसोसिएशन श्रीनगर में खुशी का माहौल है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप पांथरी ने कहा कि पंच पीपल से स्वीत तक बनने वाली एलिवेटेड रोड श्रीनगर के विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष लगातार प्रभावी पैरवी कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दिलाई है। उनका कहना था कि यह परियोजना आने वाले कई दशकों तक श्रीनगर को यातायात के भारी दबाव से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रीनगर में लगने वाला भीषण जाम लंबे समय से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ था। एलिवेटेड रोड बनने से न केवल चारधाम यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी बल्कि श्रीनगर के व्यापार पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए डॉ.धन सिंह रावत के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 8 किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक एलिवेटेड रोड से चारधाम यात्रा मार्ग पर श्रीनगर शहर के भीतर लगने वाले जाम से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को स्थायी राहत मिलेगी। बेहतर यातायात व्यवस्था से मरीजों छात्रों व्यापारियों और आम नागरिकों का समय बचेगा ईंधन की खपत कम होगी तथा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। बार एसोसिएशन श्रीनगर के सदस्यों ने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप पांथरी बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट महासचिव ब्रह्मानंद भट्ट पूर्व महासचिव विकास पंत सह सचिव देवी प्रसाद खरे पूर्व सह सचिव प्रदीप मैठाणी सुनीता भंडारी बलवीर सिंह रौतेला ओम प्रकाश मैठाणी आनंद सिंह बुटोला गौरव उपाध्याय कुलदीप दानू नितेश भारती रतन सिंह बिष्ट अनुपम गोयल परमानंद मैठाणी प्रेरणा काला सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp