प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुचारु व्यवस्थाओं और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी निष्ठा मुस्तैदी और समर्पण के साथ चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नीलकंठ महादेव मंदिर से पुण्डरासू चौक पुलिया खेत धांधलापानी मौनी बाबा आश्रम होते हुए लक्ष्मणझूला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। धूप बारिश और दुर्गम पैदल मार्ग जैसी चुनौतियों की परवाह किए बिना एसएसपी ने स्वयं प्रत्येक महत्वपूर्ण ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने यात्रा मार्ग की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करने के साथ ही सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों से मौके की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था भीड़ प्रबंधन यातायात संचालन बैरिकेडिंग संवेदनशील स्थलों सहायता केंद्रों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना की संभावना न रहे। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से एसएसपी ने सीधे संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया और बेहतर ढंग से ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जवानों से ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों आवश्यक संसाधनों सुविधाओं एवं अन्य समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जिससे प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल बेहतर संसाधनों और समुचित व्यवस्थाओं के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके। निरीक्षण के दौरान संचार व्यवस्था यातायात प्रबंधन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल संसाधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनी रहे।
