प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में आयोजित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन लगातार तीसरे दिन भी उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रहा। चयन प्रक्रिया में बड़ी संख्या में बाल खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गुरुवार को आयोजित चयन ट्रायल में नगर पालिका परिषद पौड़ी कोट कल्जीखाल पाबौ खिर्सू एकेश्वर पोखड़ा तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग के कुल 255 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा सके। चयन ट्रायल के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षकों ब्लॉक समन्वयकों तथा खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस योजना के माध्यम से जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और युवा खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करेंगे।
