Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशा उन्मूलन अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अवैध भांग की खेती के विनष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने तथा नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं वन क्षेत्रों में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती के चिन्हीकरण और विनष्टीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई करें ताकि जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान को प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पटवारियों के माध्यम से नियमित पड़ताल कराई जाए। जहां भी अवैध भांग की खेती मिले वहां तत्काल उसे नष्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और इसकी लगातार निगरानी रखी जाए। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी उच्च एवं माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में गठित एंटी ड्रग कमेटियों को सक्रिय रखने आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों की काउंसिलिंग कराने तथा नशा तस्करों और नशा पेडलरों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक एवं प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को ग्वालदम स्थित नशा मुक्ति केंद्र का शीघ्र संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में एक राजकीय नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई प्रारंभ करने को भी कहा। उन्होंने औषधि निरीक्षक को सभी मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित और अवैध दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp