Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद की प्रगति को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों तहसीलदारों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सहकारी समितियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बैंकों का भी सक्रिय सहयोग लिया जाए ताकि अधिक से अधिक किसान योजना से जुड़ सकें। उन्होंने कृषि उद्यान मत्स्य सहकारिता और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय रोस्टर के अनुसार गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करें उन्हें एग्रीस्टैक योजना के बारे में जानकारी दें तथा फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करें। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को एग्रीस्टैक योजना के लाभों से अवगत कराते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य पूरा किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने और प्रगति पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। बैठक में वर्चुअल माध्यम से सभी उपजिलाधिकारी तहसीलदार राजस्व कर्मी तथा कृषि उद्यान मत्स्य सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp