Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 09-घनसाली (अनुसूचित जाति) के ब्लॉक सभागार घनसाली में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी भिलंगना एवं मास्टर ट्रेनर सुमेर सिंह कैन्तुरा ने नोटिस तामीली दस्तावेज सत्यापन बीएलओ ऐप पर ऑनलाइन अपलोड सुनवाई प्रक्रिया तथा प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी घनसाली मंजू राजपूत ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में बीएलओ और सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है इसलिए प्रत्येक कार्रवाई निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी के साथ की जाए। प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि सुनवाई की निर्धारित तिथि से कम से कम सात दिन पूर्व संबंधित मतदाता को नोटिस तामील कराया जाए तथा उसकी फोटो बीएलओ ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। इसके बाद घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर सभी अभिलेख समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपलोड किए जाएं। उपजिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ आख्या तथ्यपरक स्पष्ट एवं साक्ष्यों पर आधारित होनी चाहिए। तीन सदस्यीय समिति के हस्ताक्षरों और विवरण का सावधानीपूर्वक मिलान करने के बाद ही आख्या अपलोड की जाए क्योंकि इसे केवल एक बार ही अपलोड किया जा सकता है। उन्होंने मतदाता सूची में पाई जाने वाली विसंगतियों आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी घनसाली हरीश जोशी नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी घनसाली महेशा शाह सहित संबंधित बूथ लेवल अधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp