Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के कुल 17 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें कोतवाली गंगनहर और कनखल में दर्ज मामलों से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार जनपद में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने ठोस सुरागरसी इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों की निशानदेही से चोरी के कुल 17 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें कोतवाली गंगनहर में दर्ज चार मामलों से संबंधित चार मोटरसाइकिल कोतवाली कनखल के एक मामले से संबंधित एक मोटरसाइकिल तथा अन्य 12 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उन्हें शाहपुर रुड़की स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास बने खंडहर में छिपाकर रखते थे। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य संबंधित कानूनी प्रावधान भी शामिल कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन निवासी छापुरशेर अफगानपुर थाना भगवानपुर आशु कुमार निवासी हबीबपुर निवादा थाना पिरान कलियर तथा शौकीन निवासी सिकंदरपुर थाना भगवानपुर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। साथ ही बरामद सभी वाहनों के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव उपनिरीक्षक पंकज कुमार उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवाण सहायक उपनिरीक्षक मनीष कवि मुख्य आरक्षी युनूस बेग मुख्य आरक्षी दुर्गा प्रसाद आरक्षी राकेश राणा आरक्षी अर्जुन सिंह आरक्षी राहुल और सीआईयू के आरक्षी वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *