Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर पुस्तकालयों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में चमोली जिला प्रशासन द्वारा संचालित ई लाइब्रेरी युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र बनकर उभरी है। ई लाइब्रेरी में छात्र-छात्राएं आधार कार्ड और 500 रुपये शुल्क जमा कर अध्ययन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। यहां इंटरनेट सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल रहा है। वर्तमान में ई लाइब्रेरी में 2600 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हो चुका है जबकि प्रतिदिन लगभग 90 विद्यार्थी यहां अध्ययन करने पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ रही युवाओं की भागीदारी इस पहल की उपयोगिता को दर्शाती है। ई लाइब्रेरी का सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है। वर्ष 2023-24 में यहां अध्ययन करने वाले 11 तथा वर्ष 2024-25 में 17 छात्र-छात्राओं का विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में चयन हुआ। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक उत्तराखंड पुलिस में 11 आईटीबीपी (एसएससी जीडी) में 2 तथा भारतीय सेना (अग्निवीर) में 3 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर ई लाइब्रेरी की उपयोगिता को साबित किया है। ई लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाली छात्रा अंबिका और छात्र विकास ने बताया कि जिला प्रशासन की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उनका कहना है कि यहां उपलब्ध अध्ययन सामग्री शांत वातावरण और इंटरनेट जैसी सुविधाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करने में काफी मदद मिल रही है। जिला प्रशासन का मानना है कि ई लाइब्रेरी युवाओं को केवल अध्ययन का स्थान ही नहीं बल्कि उनके सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम भी बन रही है। इससे अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं और वे अपने लक्ष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp