Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर शुरू किए गए एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं अभियान को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आगे आकर अपनी भागीदारी निभाते हुए जिला प्रशासन को विभिन्न विषयों की पुस्तकें भेंट कीं। अभियान के अंतर्गत उप वन संरक्षक रजत सुमन श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार पुरोहित जलागम परियोजना निदेशक आर.पी.सिंह सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल तथा जिला कलेक्ट्रेट की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लीला सेमवाल ने विभिन्न विषयों पर आधारित पुस्तकें जिला प्रशासन को प्रदान कीं। इन पुस्तकों को जिला पुस्तकालय तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि अभियान की शुरुआत से ही अधिकारियों और आमजन का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है और एक-एक पुस्तक किसी के जीवन को नई दिशा देने का माध्यम बन सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज के अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर ज्ञान के प्रसार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सामाजिक संगठनों शिक्षकों विद्यार्थियों तथा सभी नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि पुस्तक दान से न केवल ज्ञान का वृक्ष विकसित होगा बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के पुस्तकालयों को समृद्ध बनाना और अधिक से अधिक लोगों तक उपयोगी पुस्तकों की पहुंच सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान में शामिल होने इसकी जानकारी प्राप्त करने अथवा पुस्तकें दान करने के इच्छुक नागरिक जिला कार्यालय स्थित शिकायत निवारण केंद्र के प्रभारी विनोद कुमार से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनसहभागिता से यह अभियान शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में एक जनआंदोलन का रूप लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp