Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में समआरंभ फाउंडेशन द्वारा ओएनजीसी के सहयोग से संचालित प्रोजेक्ट ज्ञानदीप के अंतर्गत 18 राजकीय विद्यालयों को 900 फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए गए। इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के सैकड़ों विद्यार्थियों को सुरक्षित सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित फर्नीचर हस्तांतरण समारोह में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल मुख्य परिचालन अधिकारी विवेक कुशवाहा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य शिक्षक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समआरंभ फाउंडेशन और ओएनजीसी की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए जनपदवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उनका कहना था कि विद्यार्थियों को बेहतर फर्नीचर उपलब्ध होने से उन्हें पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा जिससे उनके शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने भी प्रोजेक्ट ज्ञानदीप की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई में सकारात्मक सुधार आएगा। उन्होंने इस पहल को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समआरंभ फाउंडेशन के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मयंक खंतवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा स्वास्थ्य कौशल विकास पर्यावरण संरक्षण आजीविका संवर्धन तथा सामाजिक सुधार से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित करता रहेगा। समारोह के दौरान समआरंभ फाउंडेशन और ओएनजीसी ने समाज और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी शिक्षा और जनहित से जुड़े विकासोन्मुखी कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने इस पहल के लिए समआरंभ फाउंडेशन और ओएनजीसी का आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp