Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट नकदी और घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने बद्रीनाथ कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट तथा नकदी चोरी कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। धार्मिक स्थल से भगवान नारायण के मुकुट की चोरी की घटना को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला बताया। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी चोरी गए मुकुट की सकुशल बरामदगी और घटना के त्वरित खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी गई। इसी क्रम में 29 जुलाई 2026 को विवेचक भूपेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम तलाश और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास निवासी मुनीमपुर थाना भिनगा जनपद श्रावस्ती उत्तर प्रदेश को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट तथा वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी की गई नकदी में से 4500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मामले में संबंधित कानूनी प्रावधान भी बढ़ाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस टीम में विवेचक भूपेन्द्र प्रसाद चन्दन सिंह नगरकोटी विकास जुयाल आशुतोष तिवारी राजेंद्र रावत गौरव रावत और शीशपाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp