Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं जहां श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य खराब होने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के.सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन 6666 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। वहीं यात्रा के पहले दो दिनों में कुल 7112 श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा में पहली बार 4 मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं जो विभिन्न मार्गों पर भ्रमण कर जरूरतमंद शिवभक्तों को मौके पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें 24 घंटे श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात हैं। सभी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां चिकित्सा उपकरण एम्बुलेंस तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य लें। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp