Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों द्वारा जनपदभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सचल खाद्य विश्लेषणशाला (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की जा रही है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मेला क्षेत्र कांवड़ पटरी मार्गों पर स्थित स्थायी एवं अस्थायी खाद्य स्टॉलों ढाबों रेस्टोरेंटों, होटलों तथा कांवड़ियों के लिए संचालित भंडारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सचल खाद्य विश्लेषणशाला वाहन को 30 जुलाई से 4 अगस्त तक हरिद्वार में तैनात किया गया है। 30 जुलाई को उपायुक्त लैब वीरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों तेल मसालों तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 61 नमूनों की जांच की गई। इनमें से पांच खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए गए जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही खाद्य कारोबारियों और कांवड़ यात्रियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई। 31 जुलाई को उपायुक्त लैब वीरेन्द्र सिंह बिष्ट जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की टीम ने रानीपुर झाल से धनौरी कांवड़ पटरी मार्ग तक स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों और भंडारों का निरीक्षण किया। इस दौरान दिल्ली यूपी बॉर्डर शिव सेवा समिति मां भगवती जन सेवा समिति शिव शक्ति परमार्थ सेवा दल श्रीराम नाम सेवा समिति शीशवाल धाम एवं शिव शक्ति कांवड़ सेवा समिति सहित विभिन्न भंडारों के गोदामों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों तेल मसालों तथा अन्य खाद्य पदार्थों के 69 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें से आठ खाद्य पदार्थ अधोमानक पाए गए जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 130 खाद्य नमूनों की जांच की गई जिनमें 13 खाद्य पदार्थ गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे और उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पंतद्वीप पार्किंग भीमगौड़ा और खड़खड़ी क्षेत्र में स्थित 30 खाद्य प्रतिष्ठानों ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। खाद्य कारोबारियों को बासी भोजन का विक्रय न करने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने फूड लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड तथा रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पनीर लाल मिर्च पाउडर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर सरसों के तेल दूध एवं नमक सहित कुल सात खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। जांच के दौरान पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर मिथ्याछाप पाया गया जिस पर संबंधित वितरक के खिलाफ बिना फूड लाइसेंस के व्यापार करने के आरोप में चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही निर्माता फर्म के खिलाफ भी नोटिस जारी किया गया है। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि कांवड़ मेले की अवधि तक खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की जाती रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp