Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह (किशोर) गडोली में शुक्रवार को किशोर न्याय बोर्ड की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाज़िश कलीम ने प्रतिभाग करते हुए किशोर न्याय से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के साथ किशोरों के अधिकारों की सुरक्षा पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद नाज़िश कलीम ने राजकीय बाल संप्रेक्षण गृह की व्यवस्थाओं तथा वहां संचालित लीगल एड क्लिनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किशोरों को समय-समय पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जाए ताकि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग मिल सके। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने पर बल दिया। बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड रिजवान अंसारी जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार अधीक्षिका मीना नेगी अधिकार मित्र अवतार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp