Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर हरिद्वार पुलिस के तीन कर्मी शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कांवड़ यात्रा की व्यस्तताओं के बीच आयोजित इस समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के परिजनों सहित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों का परिचय प्राप्त कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद सेवाकाल के दौरान बिताए गए यादगार पलों को साझा करते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव क्षेत्राधिकारी सदर सुरेन्द्र प्रसाद बलूनी तथा क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने सेवानिवृत्त कर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए। इसके बाद जलपान के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार त्यागी अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सोनी तथा मुख्य आरक्षी कुंवर पाल सिंह शामिल रहे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार त्यागी ने 20 मार्च 1987 को फायरमैन के पद पर पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। वर्ष 1991 में उन्हें फायर सर्विस चालक वर्ष 2016 में फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर वर्ष 2022 में फायर स्टेशन ऑफिसर तथा वर्ष 2026 में मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नति मिली। देहरादून निवासी अनिल कुमार त्यागी ने 39 वर्ष 4 माह 11 दिन की सेवा के दौरान मुरादाबाद टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में अपनी सेवाएं दीं तथा उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई बार सम्मानित हुए। अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सोनी ने 1 अगस्त 1989 को आरक्षी के रूप में पुलिस विभाग में भर्ती होकर अपनी सेवा शुरू की। वर्ष 2021 में वे मुख्य आरक्षी तथा वर्ष 2023 में अपर उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। पौड़ी गढ़वाल निवासी अनिल कुमार सोनी ने 36 वर्ष 11 माह 30 दिन की सेवा के दौरान हरिद्वार चमोली और देहरादून में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया तथा उत्कृष्ट कार्यों के लिए समय-समय पर सम्मानित हुए। मुख्य आरक्षी कुंवर पाल सिंह भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए। वर्ष 2026 में उन्हें मुख्य आरक्षी पद पर पदोन्नति मिली। मूल रूप से मुजफ्फरनगर निवासी कुंवर पाल सिंह भर्ती के बाद पूरे सेवाकाल में हरिद्वार जनपद में ही तैनात रहे और अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp