Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से देवप्रयाग विधानसभा के विधायक ने शिष्टाचार भेंट कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अपनी व्यक्तिगत पहल “भारत दर्शन कार्यक्रम” के संबंध में राज्यपाल को जानकारी दी। विधायक ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को देश की विविध संस्कृति परंपराओं ऐतिहासिक धरोहरों और विकास की यात्रा से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है ताकि उनके ज्ञान सोच और व्यक्तित्व का व्यापक विकास हो सके। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत दर्शन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति विरासत और विविधताओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें देश के प्रति गौरव एवं सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। इस दौरान विधायक ने आगामी भारत दर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मेधावी विद्यार्थियों के दल को राजभवन में राज्यपाल से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन दिलाने का अनुरोध किया। राज्यपाल ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक ने राज्यपाल के स्नेह मार्गदर्शन और प्रेरणादायी विचारों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा और भारत दर्शन कार्यक्रम को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp