प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के सदस्य गिरवीर सिंह रावत की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक के प्रारंभ में जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा ने समिति के सदस्य का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनकी वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने जनपद में समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित पेंशन योजनाओं दिव्यांगजन कल्याण छात्रवृत्ति आर्थिक सहायता तथा अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। समीक्षा के दौरान समिति के सदस्य गिरवीर सिंह रावत ने विभागीय योजनाओं का गहन परीक्षण करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। बैठक के दौरान समिति के सदस्य ने दो जरूरतमंद पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को वैशाखी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर दोनों लाभार्थियों को वैशाखी उपलब्ध कराई। इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए समिति के सदस्य ने कहा कि जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा ने समिति के सदस्य सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा विभाग के समस्त कार्मिक तथा जनपद के सभी सहायक समाज कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
