Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत के निर्देशन में नगर पालिका रुद्रप्रयाग स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर को हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में नगर क्षेत्र में 50 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं जिनके माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी की जा रही है। नगर में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शीघ्र ही 20 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। नगर पालिका द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। अब तक दो लोगों की पहचान कर उनके चालान किए जा चुके हैं जबकि कैमरों की मदद से 10 से 15 अन्य लोगों की भी पहचान की गई है जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए नगर पालिका सातों वार्डों में 22 महिला कर्मियों के माध्यम से घर-घर जाकर कूड़ा संग्रहण कर रही है। इसके अलावा 42 सफाई कर्मी प्रतिदिन नगर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई में जुटे हुए हैं जिससे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिल रही है। नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग पांच टन कूड़ा एकत्रित किया जाता है जिसका शत-प्रतिशत वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इससे न केवल नगर की स्वच्छता बनी हुई है बल्कि कूड़ा प्रबंधन के माध्यम से नगर पालिका को राजस्व की भी प्राप्ति हो रही है। नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने बताया कि वर्तमान में नगर क्षेत्र में 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और जल्द ही 20 अतिरिक्त कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य रुद्रप्रयाग को स्वच्छ सुंदर और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है। इसके लिए कूड़े का शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है तथा स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp