प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला चिकित्सालय बौराड़ी नई टिहरी स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय ने एक बार फिर आयुर्वेद चिकित्सा की प्रभावशीलता को साबित किया है। आयुर्वेदिक उपचार पंचकर्म चिकित्सा योग और संतुलित जीवनशैली के समन्वित प्रयासों से मुखपाक (स्टोमैटाइटिस) से पीड़ित एक महिला को उल्लेखनीय राहत मिली है। यह उपचार आयुर्वेदिक चिकित्सा की सफलता की एक प्रेरक कहानी बनकर सामने आया है। राखी नामक महिला पिछले लगभग एक वर्ष से मुखपाक (स्टोमैटाइटिस) से पीड़ित थीं। उनके पूरे मुंह में दर्दनाक छाले हो गए थे जिसके कारण भोजन करना पानी पीना और सामान्य दिनचर्या भी अत्यंत कष्टदायक हो गई थी। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों से उपचार कराया लेकिन अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका। इसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में परामर्श लिया जहां जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ.सिद्धि मिश्रा ने उन्हें मुखपाक रोग से ग्रसित पाया। डॉ.सिद्धि मिश्रा ने बताया कि आयुर्वेद के अनुसार यह रोग मुख्य रूप से पित्त और कफ दोष के असंतुलन के कारण होता है। अत्यधिक तीखा खट्टा नमकीन और गरिष्ठ भोजन तनाव चिंता पाचन संबंधी विकार कब्ज तथा आयरन की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। इस रोग में मुंह में लालिमा सूजन जलन और दर्दनाक छाले हो जाते हैं जिससे भोजन करना बेहद कठिन हो जाता है। रोगी का उपचार आयुर्वेदिक औषधियों के साथ पंचकर्म चिकित्सा की गंडूष विधि नाड़ी शोधन प्राणायाम तथा आवश्यक आहार-विहार और जीवनशैली में सुधार के माध्यम से किया गया। नियमित उपचार के लगभग एक माह बाद रोगी के मुंह के छालों दर्द और जलन में उल्लेखनीय कमी आई। वर्तमान में वह सामान्य रूप से भोजन करने में सक्षम हैं और पहले की अपेक्षा स्वयं को अधिक स्वस्थ एवं सहज महसूस कर रही हैं। वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ.सिद्धि मिश्रा ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पंचकर्म योग और संतुलित दिनचर्या का समन्वित पालन मुखपाक जैसे रोगों में अत्यंत लाभकारी सिद्ध होता है। उन्होंने सलाह दी कि रोगी नारियल पानी जौ का पानी और मूंग के सूप जैसे ठंडे एवं तरल पदार्थों का सेवन करें तथा अत्यधिक खट्टे तीखे गर्म और नमकीन खाद्य पदार्थों के साथ धूम्रपान से परहेज रखें। उन्होंने बताया कि गंडूष आयुर्वेद की एक प्राचीन और प्रभावी चिकित्सा पद्धति है जो मुख रोगों में विशेष लाभ पहुंचाती है। इरिमेदादी तैल में मौजूद जीवाणुरोधी गुण सूजन और दर्द को कम करने में सहायक होते हैं जबकि त्रिफला क्वाथ के सूजनरोधी गुण मसूड़ों और मुख की श्लेष्मा झिल्ली को स्वस्थ बनाने में मदद करते हैं। जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय ने आमजन से अपील की है कि यदि वे बार-बार मुंह में छाले जलन सूजन अथवा मुखपाक जैसी समस्याओं से परेशान हैं तो समय पर आयुर्वेदिक चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर सुरक्षित और प्रभावी उपचार का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
