Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) नई टिहरी की कार्यक्रम परामर्शी समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में डायट की वर्ष 2025-26 की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान समग्र शिक्षा के अंतर्गत डायट द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए गए। आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) कार्यक्रम के तहत 1,161 शिक्षकों कौशलम प्रशिक्षण के अंतर्गत 912 शिक्षकों आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में 212 कार्यकर्त्रियों आनंदम कार्यक्रम में 247 शिक्षकों अबेकस कार्यक्रम के तहत 82 शिक्षकों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) प्रशिक्षण के अंतर्गत 150 सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले सभी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना समय से उपलब्ध कराई जाए ताकि वरिष्ठ अधिकारी भी प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर उसकी गुणवत्ता का अवलोकन कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं रहा है उन विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जाए ताकि प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों तक पहुंच सके और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो। मुख्य विकास अधिकारी ने डायट अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि प्रशिक्षण का विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों पर क्या प्रभाव पड़ा। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी व्यवस्था मूल्यांकन प्रणाली तथा उनसे प्राप्त उपलब्धियों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में डायट अधिकारियों ने संस्थान की विभिन्न आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव भी रखे। उन्होंने डायट में दैनिक मजदूरी के आधार पर एक सफाई कर्मी की व्यवस्था करने तथा जनपद के छात्र-छात्राओं के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने हेतु आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बैठक में प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैन्तुरा प्रवक्ता देवेंद्र भंडारी नरेंद्र कुमाईं डॉ.वीर सिंह राजेंद्र प्रसाद बडोनी बीआरपी चंबा विकास महर सीआरपी पांगरखाल आँचल सेमवाल मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दिनेश चन्द रमोला डॉ.अजय कुमार चौरसिया अभिषेक शुक्ला तथा वर्चुअल माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला सहित कार्यक्रम परामर्शी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *