Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र सलाहकार समिति की ओर से गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई 2026 से प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक निरंतर छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सीनेट हॉल भवन स्थित छात्र सलाहकार कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दूसरे और तीसरे दिन मानविकी एवं समाज विज्ञान संकाय कला संस्कृति एवं भाषा संकाय तथा वाणिज्य संकाय के शोधार्थियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने शोधार्थियों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों और छात्रों के बीच नियमित संवाद से ही बेहतर शैक्षिक और नैतिक वातावरण का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसा संवाद विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ विश्वविद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक संस्कृति को भी मजबूत करेगा। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो.एम एम सेमवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि छात्र सलाहकार समिति निरंतर संवाद के माध्यम से छात्रों में रचनात्मकता सकारात्मक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। समिति का उद्देश्य विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान संयुक्त छात्र सलाहकार प्रो.सीमा धवन ने शोधार्थियों को साहित्य चोरी (प्लेजरिज्म) से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा शोध कार्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा में आधुनिक तकनीक के प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता पर भी विस्तार से जानकारी दी। उप छात्र सलाहकार डॉ.कविता भट्ट ने भारतीय जीवन मूल्यों और शोधार्थियों के नैतिक दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में व्यावहारिक शैक्षिक और आध्यात्मिक पक्षों के बीच संतुलन स्थापित करना चाहिए ताकि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि छात्र सलाहकार समिति भविष्य में विभिन्न संकायों के शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व विकास शिक्षण कौशल तथा शोध नैतिकता जैसे विषयों पर नियमित कार्यशालाओं का आयोजन करेगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना उनकी नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा विश्वविद्यालय में शिक्षकों और छात्रों के बीच आपसी विश्वास सहयोग और रचनात्मक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *