Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुग्गावाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब आठ लाख रुपये कीमत की 32.60 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार एक अगस्त को थाना बुग्गावाला पुलिस ग्राम सावनशेर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32.60 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना बुग्गावाला में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान पुत्र कुर्बान निवासी ग्राम सिकरोड़ा थाना भगवानपुर तथा नदीम पुत्र कबीर निवासी ग्राम सिकरोड़ा थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बड़े ड्रग्स तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग टीम का गठन कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32.60 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) तथा तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूके 17 टी 8746 बरामद की है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा उपनिरीक्षक मनोज कुमार अपर उपनिरीक्षक नवीन पंवार एवं मुख्य आरक्षी हरिओम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp