प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में श्रद्धालुओं को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त का स्वास्थ्य खराब होने या चोट लगने की स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के.सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ियों की सुविधा के लिए 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में चिकित्सक पैरामेडिकल स्टाफ दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के चौथे दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 15,010 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। वहीं यात्रा शुरू होने से अब तक 34,076 शिवभक्तों को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में पहली बार चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। ये मोबाइल चिकित्सा इकाइयां कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगातार भ्रमण कर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को मौके पर ही उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। इससे आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित हो रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें चौबीसों घंटे शिवभक्तों की सेवा में तैनात हैं। सभी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां चिकित्सा उपकरण एम्बुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें और यदि किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य लें। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों की लगातार निगरानी की जा रही है और चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
