Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नगर निगम हरिद्वार ने एक अभिनव पहल की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम ने नगर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जेडीई वेलफेयर सोसायटी के माध्यम से अत्याधुनिक स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन तैयार कराया है। वर्तमान में इसका ट्रायल कांवड़ पटरी पर किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में शिवभक्त इसका उपयोग कर रहे हैं। यह स्मार्ट डस्टबिन सामान्य डस्टबिन से पूरी तरह अलग है। इसमें सेंसर आधारित ऑटोमैटिक ओपनिंग सिस्टम लगाया गया है। जैसे ही कोई व्यक्ति डस्टबिन के सामने पहुंचता है उसका ढक्कन स्वतः खुल जाता है और कचरा डालने के बाद अपने आप बंद हो जाता है। इससे बिना किसी स्पर्श के स्वच्छ सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से कचरा निस्तारण संभव हो रहा है। इस स्मार्ट बिन की सबसे बड़ी विशेषता इसका ऑटोमैटिक कचरा कॉम्पैक्शन सिस्टम है। डस्टबिन में कचरा डालते ही यह उसे स्वतः दबाकर कम स्थान में अधिक मात्रा में संग्रहित कर लेता है। इससे डस्टबिन जल्दी भरने की समस्या कम होगी उसे बार-बार खाली करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बन सकेगी। यह स्मार्ट बिन पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित है इसलिए इसके संचालन के लिए बाहरी बिजली की आवश्यकता नहीं होती। इसकी मजबूत और सुरक्षित संरचना ऐसी तैयार की गई है कि आवारा पशु इसे न तो गिरा सकते हैं और न ही इसमें मुंह डालकर कचरा फैला सकते हैं। इससे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलने की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण मिलने की उम्मीद है। नगर निगम के अनुसार कांवड़ पटरी पर चल रहे ट्रायल के दौरान हजारों श्रद्धालु इस स्मार्ट सोलर बिन का उपयोग कर रहे हैं। प्रारंभिक परिणाम काफी उत्साहजनक रहे हैं और श्रद्धालुओं ने भी इस नई तकनीक एवं व्यवस्था की सराहना की है। नगर निगम का कहना है कि यदि ट्रायल पूरी तरह सफल रहता है तो अगले चरण में इन स्मार्ट सोलर सेंसर कॉम्पैक्ट बिन को नगर के प्रमुख बाजारों गंगा घाटों पार्कों सार्वजनिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी स्थापित किया जाएगा जिससे पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाया जा सके। ट्रायल के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील मलिक मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सफाई निरीक्षक रूपाली सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्वयं स्मार्ट बिन की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए इसकी उपयोगिता और संचालन व्यवस्था का परीक्षण किया। नगर निगम हरिद्वार का यह नवाचार स्वच्छता प्रबंधन में आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे न केवल कचरा संग्रहण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी बल्कि स्वच्छ सुंदर पर्यावरण अनुकूल और तकनीक-सक्षम हरिद्वार के निर्माण को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp