Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शनिवार को सकलाना क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विद्यालयों पुलिस चौकी कुमाल्डा तथा दुबड़ी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था कानून-व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमाल्डा जूनियर हाई स्कूल कुमाल्डा तथा राजकीय हाई स्कूल कुमाल्डा का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने बरसात के मौसम को देखते हुए झाड़ियों की नियमित कटाई कराने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति पठन-पाठन की गुणवत्ता और विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिक्षकों को निर्देशित किया कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि प्रत्येक छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सके। उन्होंने उपस्थिति पंजिका सहित विभिन्न अभिलेखों का भी निरीक्षण किया तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी कुमाल्डा का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किरायेदारों बाहरी व्यक्तियों और सौंग बांध परियोजना में कार्यरत श्रमिकों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही नियमित गश्त बढ़ाने स्थानीय लोगों से बेहतर समन्वय बनाए रखने और उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। भ्रमण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने दुबड़ी मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता शुद्धता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए तथा अपात्र एवं स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा कानून-व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं और निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp