Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात पौड़ी पुलिस लगातार मानवीय सेवा का परिचय दे रही है। इसी क्रम में श्री नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए जा रहे एक श्रद्धालु के घायल होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित मुख्य सड़क तक पहुंचाकर समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। हरियाणा निवासी रामशरण श्री नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए पैदल मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान तोली सड़क गेट के समीप सीढ़ियों से उनका पैर फिसल गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पैर में चोट लगने के कारण वह चलने में पूरी तरह असमर्थ हो गए और रास्ते में ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। दुर्गम पैदल मार्ग पर घायल श्रद्धालु को स्ट्रेचर के माध्यम से सावधानीपूर्वक मुख्य सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा आगे की चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली से घायल श्रद्धालु को समय पर सहायता मिल सकी। श्रद्धालु और उनके साथ मौजूद लोगों ने पुलिस के मानवीय व्यवहार तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम में मुख्य आरक्षी विनोद दिलवाल आरक्षी मयंक डबराल आरक्षी जीतपाल राणा तथा होमगार्ड अनिल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp