Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा के क्षेत्र में भी लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। इसी क्रम में कोटद्वार क्षेत्र में अकेली और बेसहारा हालत में भटक रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिस ने सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत 31 जुलाई को कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस टीम को एक बुजुर्ग महिला अकेली और असहाय अवस्था में भटकती हुई मिली। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर बातचीत की जिस दौरान महिला ने भावुक होकर बताया कि उनके पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और वर्तमान में उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। अकेलेपन और बेबसी के कारण उनका जीवन अत्यंत कठिन परिस्थितियों में गुजर रहा था। महिला की दयनीय स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल विद्या मेहता ने संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व का परिचय देते हुए उनके लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था करने का निर्णय लिया। उन्होंने जहरीखाल स्थित वृद्धाश्रम के प्रबंधक नीरज से संपर्क कर महिला की स्थिति से अवगत कराया। सकारात्मक सहयोग मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुजुर्ग महिला को सकुशल वृद्धाश्रम पहुंचाया जहां उनके रहने देखभाल तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से बुजुर्ग महिला को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही सम्मानजनक जीवन की नई उम्मीद मिली। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। पुलिस टीम में महिला कांस्टेबल विद्या मेहता कांस्टेबल राहुल कुमार तथा कांस्टेबल सत्येंद्र लखेड़ा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp