Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं का भी टिहरी पुलिस लगातार परिचय दे रही है। मेले में स्थापित खोया-पाया केंद्र बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने अब तक 21 गुमशुदा श्रद्धालुओं को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। पुलिस की तत्परता, संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है। पुलिस द्वारा स्थापित खोया-पाया केंद्र सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा विभिन्न पुलिस टीमों के बीच बेहतर समन्वय के चलते बिछड़े श्रद्धालुओं को शीघ्र खोजने में सफलता मिल रही है। पुलिसकर्मी लगातार मेले में भ्रमण कर ऐसे श्रद्धालुओं की पहचान कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचा रहे हैं। अपने परिजनों से मिलने के बाद श्रद्धालुओं ने टिहरी पुलिस की सेवा भावना संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले मेले में पुलिस की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए काफी राहत देने वाली साबित हो रही है। टिहरी पुलिस ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp