Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के अपर बाजार स्थित सराफा धर्मशाला मैदान में 12 अगस्त से 18 अगस्त तक प्रसिद्ध संत गोपाल मणि महाराज के सानिध्य में सात दिवसीय श्रीराम कथा धेनु मानस गौ टीका का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन एक वर्षीय गौ माता राष्ट्रमाता साधना के उद्यापन के शुभ अवसर पर भारतीय गौ क्रांति मंच श्रीनगर-श्रीकोट तथा स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। भारतीय गौ क्रांति के महासचिव राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने बताया कि गोपाल मणि महाराज ने उत्तरकाशी के चोपड़ा धाम में पिछले एक वर्ष से गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने के संकल्प के साथ यज्ञ तप और मौन व्रत का अनुष्ठान किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में शंकराचार्य सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के विद्वानों संतों और पुरोहितों ने भी अपना सहयोग और आशीर्वाद प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि गोपाल मणि महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन गौ संरक्षण और गौ सेवा के लिए समर्पित किया है। उनका उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाना गौवंश पर होने वाले अत्याचारों को रोकना तथा देश में गौ सेवा मंत्रालय का गठन कराया जाना है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार भी इस विषय पर गंभीरता से विचार कर गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए। आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन भजन-कीर्तन और गौ महिमा पर विशेष व्याख्यान होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर मंजू मैठानी सावित्री गैरोला सुंदरी देवी नीलम पोखरियाल मंजू डोभाल लक्ष्मी गैरोला मुन्नी चमोली मंजू मरोड़ी गैणा देवी पंवार पिंकी रावत कलम सिंह प्रकाश मैठानी विक्रम सिंह रावत राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp