Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं जहां अस्वस्थ होने या चोट लगने पर शिवभक्तों का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। यात्रा के पांचवें दिन 13,876 श्रद्धालुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 47,952 शिवभक्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 32 स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें चौबीसों घंटे तैनात रहकर शिवभक्तों का उपचार कर रही हैं। किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार कांवड़ यात्रा में चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी शामिल की गई हैं। इन मोबाइल इकाइयों के माध्यम से यात्रा मार्ग पर जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक तत्काल चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा रही है जिससे आपात स्थिति में भी समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सभी स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां चिकित्सा उपकरण एम्बुलेंस तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार शिवभक्तों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें तथा यदि किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस हो तो निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार अवश्य लें। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp