Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धर्मनगरी हरिद्वार में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से पहुंचे शिवभक्त उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए किए गए इंतजाम उनकी उम्मीदों से भी कहीं बेहतर हैं। सुरक्षा यातायात स्वच्छता चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के कारण उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। ग्रेटर नोएडा से हरिद्वार पहुंचीं शिवभक्त डोली और बेबी ने बताया कि यात्रा पर निकलने से पहले उनके मन में यह चिंता थी कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच व्यवस्थाएं कैसी होंगी लेकिन हरिद्वार पहुंचने के बाद उनकी सभी आशंकाएं दूर हो गईं। उन्होंने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित है जगह-जगह साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने इन व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड सरकार का आभार भी व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश से आए अन्य शिवभक्तों ने भी कांवड़ यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहा है। उनका कहना था कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ यात्रा मार्ग पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल विश्राम चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई गई हैं। शिवभक्तों ने कहा कि उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों के कारण इस वर्ष की कांवड़ यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित सुव्यवस्थित और सुविधाजनक महसूस हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार की व्यवस्थाएं जारी रहेंगी ताकि देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी आस्था की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp