Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ.बी वी आर सी पुरुषोतम ने सोमवार को हरिद्वार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए तथा बिना नोटिस के किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा। समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता एवं आपसी समन्वय के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह अनिवार्य रूप से संवाद स्थापित किया जाए तथा मतदाता सूची में पाई जाने वाली विसंगतियों एवं जारी नोटिसों की सुनवाई बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) स्तर पर करते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद में मतदाताओं के डिजिटाइजेशन का कार्य 90.54 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों तथा ‘अनमैप्ड’ श्रेणी के 92,594 मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी मामलों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीएलओ स्तर पर की जा रही है। समीक्षा बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विसंगतियों से संबंधित सभी नोटिसों की सुनवाई बीएलओ स्तर पर होगी तथा अनमैप्ड मतदाताओं का सत्यापन निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के आधार पर किया जाएगा ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस जारी किए मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सभी अधिकारियों सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) बीएलओ तथा निर्वाचन कार्य में लगे समस्त कार्मिकों की सराहना की और इसी समर्पण एवं पारदर्शिता के साथ कार्य जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक के उपरांत मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर तैनात बीएलओ से मतदाता सत्यापन नोटिस वितरण एवं अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक फुरकान अहमद अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला एसएलओ आकाश जोशी वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी नगर आयुक्त रुड़की जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि अमन गर्ग चंद्रपाल सिंह राजेंद्र चौधरी कैलाश चंद्र सीपीआई के राजीव गर्ग बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मदन पाल जिला विकास अधिकारी केके पंत सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद खां मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *