Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 80 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आयुक्त को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की प्रगति से अवगत कराया। आयुक्त ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के एक शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबंधित अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर आयुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के प्रकार का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि जनता मिलन में कई फरियादी पूर्व में दर्ज शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण दोबारा पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग से जुड़े प्रतिकर बीआरओ मुआवजा एवं सड़क निर्माण संबंधी मामले प्रमुख रूप से सामने आए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मामलों में जांच आवश्यक है उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाए। जनता मिलन में पुनर्वास मुआवजा वितरण आपदा से क्षतिग्रस्त आवास सड़क संचार विद्युत पेयजल आर्थिक सहायता आवास राशन वितरण दिव्यांग प्रमाण पत्र प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि विवाह अनुदान सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त ने सड़क कटान से प्रभावित मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून के दौरान सड़कों की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी को राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने तथा आगामी बैठकों में उनकी अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। जिला पंचायत सदस्य मंदार विजयपाल सिंह रावत ने विकासखंड जाखणीधार के पट्टी ढुंग मंदार क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने खैट पर्वत मार्ग एवं पीढ़ी मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं में सुधार शौचालय निर्माण लंबित मुआवजा प्रकरणों के निस्तारण तथा सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समेंड़ीधार खेल मैदान के विस्तार की मांग उठाई। इस पर आयुक्त ने जिलाधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी प्रकरणों का परीक्षण कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विकासखंड प्रतापनगर के भेंकी निवासी अमित सिंह ने 31 मई को हुई आभूषण की दुकान में चोरी के मामले में चोरी गया सामान बरामद न होने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने कहा कि प्रकरण को आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाया जाएगा। घनसाली के चामी गांव की सोहनलता रावत ने खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाने की मांग की जबकि धनोल्टी निवासी विवेकानंद सकलानी ने वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी की विरासत के संरक्षण के लिए आर्थिक सहायता तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की पेंशन संबंधी मांग रखी। थान-चंबा निवासी राजेंद्र सिंह के कृषि ऋण संबंधी आवेदन पर भी परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टिहरी निवासी बलवीर परमार की लोक निर्माण विभाग से संबंधित शिकायत पर आयुक्त ने अपर जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए। वहीं भौनियाड़ा निवासी सुमति देवी की पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता तथा कपलोग निवासी कल्पना पंवार के श्रम विभाग की योजनाओं से जुड़े आवेदन पर आयुक्त ने श्रम विभाग को नियमानुसार विवाह अनुदान उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी अधिकारियों को आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल डीएफओ पुनीत तोमर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी डीडीओ मो. असलम एसडीएम कमलेश मेहता अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. नेगी एसएलएओ नीलू चावला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.डी.के.शर्मा जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *