Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुराने सोने के आभूषण लेकर नया मंगलसूत्र बनाने का झांसा देने और लंबे समय तक आभूषण वापस न करने के मामले में थाना नन्दानगर घाट पुलिस ने आरोपी ज्वैलर्स को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार थाना नन्दानगर घाट क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि 28 नवंबर 2024 को उसने अपने पुराने सोने के आभूषण जिनमें 4.300 ग्राम का पेंडल और 2.500 ग्राम की अंगूठी सहित कुल 6.800 ग्राम सोना था स्थानीय प्रेम ज्वेलर्स के संचालक प्रेम सिंघानिया को नया मंगलसूत्र तैयार कराने के लिए दिए थे। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसके मकान में किराए पर भी रहता था इसलिए उस पर विश्वास कर उसने आभूषण सौंप दिए। निर्धारित समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो नया मंगलसूत्र तैयार कर दिया और न ही पुराने आभूषण लौटाए। कई बार संपर्क करने और कहने के बावजूद वह लगातार टालमटोल करता रहा। स्वयं को ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने थाना नन्दानगर घाट में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर थाना नन्दानगर घाट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एवं तथ्य एकत्र किए जिनके आधार पर आरोपी प्रेम सिंघानिया निवासी जिला सीतामढ़ी बिहार जो वर्तमान में नन्दानगर घाट में प्रेम ज्वेलर्स का संचालन कर रहा था को सोमवार को उसकी ज्वेलरी दुकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ज्वैलर्स अथवा अन्य प्रतिष्ठान को सोने-चांदी के आभूषण देने से पहले उसकी रसीद या बिल तथा लेन-देन का लिखित विवरण अवश्य सुरक्षित रखें। यदि किसी प्रकार की धोखाधड़ी या विश्वासघात की घटना सामने आए तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने में सूचना देकर कानूनी सहायता प्राप्त करें। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवीन भारद्वाज एवं हेड कांस्टेबल कुँवर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp