Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जनपद का स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। मानसून के दौरान डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की हैं। जनपदभर में सोर्स रिडक्शन अभियान शुरू कर दिया गया है जिसके तहत मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने जलभराव वाले स्थानों की पहचान करने तथा लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल ने बताया कि डेंगू की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ सहित जनपद के कुल पांच अस्पतालों में एलाइजा जांच की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं जांच किट और चिकित्सा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने बताया कि डेंगू के संभावित मरीजों के उपचार के लिए जनपद में 16 डेडिकेटेड बेड आरक्षित किए गए हैं। सभी चिकित्सा इकाइयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है जिससे किसी भी संदिग्ध मरीज को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान तक जनपद में डेंगू का एक भी पुष्ट मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता के साथ लगातार निगरानी बनाए हुए है और बचाव संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर टायर गमलों तथा अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें और पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें ताकि मच्छरों के काटने से बचा जा सके। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार सिरदर्द बदन दर्द या डेंगू जैसे अन्य लक्षण दिखाई दें तो स्वयं उपचार करने के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराएं जिससे समय पर उपचार उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp