Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के मामले में थाना नंदानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना नंदानगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग पुत्री पिछले कुछ समय से लगातार पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय गोपेश्वर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने अल्ट्रासाउंड एवं अन्य जांच के बाद उसे लगभग चार माह की गर्भवती बताया। परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर पीड़िता ने बताया कि ग्राम मोख मल्ला निवासी 21 वर्षीय राजेन्द्र लाल ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के बयान एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर थाना नंदानगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने थाना नंदानगर पुलिस को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में त्वरित निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में थाना नंदानगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र लाल को कुरूड़ पुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नवीन भारद्वाज हेड कांस्टेबल कुँवर सिंह कांस्टेबल संदीप कुमार तथा कांस्टेबल शोभन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp