Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया सोमवार से जनपद में शुरू हो गई। इसके तहत बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जाएगी। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज ग्वाड़ देवलधार विकासखंड दशोली में संचालित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से सुनवाई की प्रक्रिया अभिलेखों के रखरखाव नोटिसों के निस्तारण तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक दावा और आपत्ति का निष्पक्ष पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए ताकि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सुनवाई स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं और अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करें। इस दौरान उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp