Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की एक-एक कर प्रगति जानी गई और संबंधित अधिकारियों को उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई दर्ज करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना ठोस कारण किसी भी शिकायत का क्लोजर नहीं किया जाए। साथ ही जिन शिकायतों को अन्य विभागों को स्थानांतरित किया गया है उनका नियमित अनुश्रवण करते हुए उनकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने मांग एवं सुझाव से संबंधित शिकायतों पर भी संवेदनशीलता के साथ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा उनका त्वरित प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि शिकायतकर्ताओं को समय पर राहत मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी परियोजना निदेशक आनंद सिंह उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp