Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के श्रमिकों को बेहतर और निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को रोशनाबाद कम्युनिटी हॉल में श्रमिक किट वितरण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रानीपुर विधायक आदेश चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत दो नई मेडिकल मोबाइल वैन का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट मुख्यमंत्री श्रमिक शिक्षण सामग्री किट तथा मुख्यमंत्री श्रमिक पोषण योजना किट का वितरण भी किया गया। साथ ही उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी श्रमिकों को दी गई। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में श्रमिकों की सुविधा के लिए दो मेडिकल मोबाइल वैन उपलब्ध कराई गई हैं जो पूरे जिले में भ्रमण कर श्रमिकों के 44 प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण और जांच निशुल्क करेंगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के श्रमिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत पात्र निर्माण श्रमिकों तथा मनरेगा में कार्यरत श्रमिकों के लिए विवाह सहायता योजना प्रसूति सहायता योजना श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट मुख्यमंत्री श्रमिक शिक्षण सामग्री किट मुख्यमंत्री श्रमिक पोषण योजना किट मृत्युपरांत सहायता योजना मुख्यमंत्री बाल कल्याण योजना मुख्यमंत्री विद्यार्थी कल्याण योजना मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना तथा वृद्धावस्था पेंशन सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार सबका साथ सबका विकास की भावना के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके परिश्रम से ही देश एवं प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार ने श्रमिकों से कहा कि जिन्होंने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है वे शीघ्र पंजीकरण कराएं ताकि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp