Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान उत्कृष्ट कार्य कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देने वाले हरिद्वार पुलिस के पांच पुलिसकर्मियों को मंगलवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। यह सम्मान कांवड़ मेले के सुरक्षित सुव्यवस्थित और सफल संचालन में हरिद्वार पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका तथा उत्कृष्ट सेवा भावना के लिए प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ मेला क्षेत्र के भ्रमण के दौरान आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल पांच पुलिसकर्मियों का नहीं बल्कि कांवड़ मेले में सेवा दे रहे पूरे पुलिस बल के समर्पण अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों में सहायक उपनिरीक्षक (जीडी) राधारानी दास पीएसी के आरक्षी जयदीप रिक्रूट आरक्षी अभिषेक रतूड़ी यातायात पुलिस के आरक्षी दीपक चमोली तथा उपनिरीक्षक अनुज सिंह शामिल रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा पूरी पुलिस टीम के सामूहिक प्रयासों को देते हुए कहा कि भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *