Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में खेल महाकुंभ-2026 के सफल आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में न्याय पंचायत विधानसभा एवं संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस वर्ष भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ जनप्रतिनिधि खेल प्रतियोगिता विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी‌ सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली न्याय पंचायत विधानसभा तथा संसदीय क्षेत्रों को संबंधित ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर का रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल महाकुंभ का आयोजन पूरी निष्पक्षता पारदर्शिता और हरित अभियान की भावना के अनुरूप किया जाए। उन्होंने प्रतियोगिताओं के शुभारंभ से पूर्व सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाने तथा श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन आवास चिकित्सा सुविधा पेयजल स्वच्छता और बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल महाकुंभ के 10वें संस्करण के अवसर पर पूर्व वर्षों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर युवाओं को प्रेरित करने तथा लगभग 100 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक पूल तैयार कर खेलों के विकास में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि खेल महाकुंभ केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवाओं में खेल भावना अनुशासन स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला क्रीड़ाधिकारी जिला पंचायत राज अधिकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी जिला सूचना अधिकारी पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी उपजिलाधिकारी खंड विकास अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *