Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट ने मंगलवार को कांवड़ पटरी का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न स्थानों पर संचालित भंडारों एवं चिकित्सा शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं सेवा शिविर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कांवड़ पटरी पर संचालित विभिन्न सेवा शिविरों का भ्रमण कर शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सेवा कार्यों में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद एवं जल वितरित किया। उन्होंने सेवा शिविरों में कार्यरत स्वयंसेवकों के जनसेवा भाव की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सफलता में सेवा संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कांवड़ पटरी पर स्थापित चिकित्सा शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं आवश्यक दवाइयों चिकित्सा उपकरणों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध रहें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा उन्हें त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुविधा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों स्वास्थ्य टीमों एवं सेवा संगठनों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित की जाएं ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *