Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपदभर में विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को लक्सर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने लगभग दो क्विंटल एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिए। संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है तथा उसके विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति भी की गई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में गुप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कोतवाली लक्सर तिराहा बसेड़ी के समीप स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से लगभग दो क्विंटल एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद की गई। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों में नूडल्स सॉस खाद्य तेल स्नैक्स पानी की बोतलें कोल्ड ड्रिंक बेसन चायपत्ती सोयाबड़ी सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल थी। कार्रवाई के दौरान सोयाबड़ी का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। इसके बाद नगर पालिका परिषद लक्सर के सहयोग से सिमली स्थित डंपिंग ग्राउंड में गड्ढा खोदकर सभी एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कराया गया। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री के संग्रहण और बिक्री के मामले में न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति भी कर दी। उधर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा के साथ सचल खाद्य विश्लेषणशाला की टीम ने रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर के बीच स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 74 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच की गई जिनमें से 9 नमूने अधोमानक पाए गए। सभी अधोमानक खाद्य पदार्थ संबंधित कारोबारियों से मौके पर ही जनहित में नष्ट कराए गए। निरीक्षण के दौरान तीन खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने तथा खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं करने पर नोटिस जारी किए गए। विभागीय अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को बासी भोजन का विक्रय नहीं करने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा फूड लाइसेंस फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को देखते हुए पूरे जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। एक्सपायरी एवं अधोमानक खाद्य पदार्थों के संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कांवड़ मेला समाप्त होने तक यह अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *