Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं जहां यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। इसके अलावा पहली बार चार मेडिकल मोबाइल यूनिट भी कांवड़ यात्रा में शामिल की गई हैं जो यात्रा मार्ग पर पहुंचकर जरूरतमंद शिवभक्तों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के.सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित 32 स्वास्थ्य शिविरों में कांवड़ यात्रा के पांचवें दिन 18,019 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। अब तक यात्रा के दौरान कुल 65,971 श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से भी यात्रा मार्ग पर लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं जिससे जरूरतमंद श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सके। कांवड़ यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अलकनंदा होटल के समीप स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रा पर आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित सुगम एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थापित स्वास्थ्य शिविरों में किसी भी श्रद्धालु का स्वास्थ्य खराब होने अथवा चोट लगने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग पुलिस पैरामिलिट्री बल तथा स्वयंसेवी संस्थाएं समन्वय के साथ दिन-रात कार्य कर रही हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आर.के.सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें समय-समय पर विश्राम करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। जनपद प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी स्वास्थ्य शिविर मेडिकल टीमें और मोबाइल यूनिट लगातार सक्रिय हैं तथा पूरी यात्रा अवधि में यह व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *