प्रदीप कुमार
नीलकंठ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्री नीलकंठ महादेव यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात पुलिसकर्मी लगातार सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पैदल यात्रा मार्ग पर अचानक बेहोश हुए एक श्रद्धालु को पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्वास्थ्य शिविर पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। जानकारी के अनुसार 04 अगस्त 2026 को पुण्डरासू चौक पर ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश तिवारी एवं उनकी टीम को सूचना मिली कि पुण्डरासू चौक से लगभग 500 मीटर नीचे पैदल मार्ग पर एक श्रद्धालु अचानक अचेत होकर गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। श्रद्धालु की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित निकटतम स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया। घायल श्रद्धालु की पहचान 46 वर्षीय रजत मोगा निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जिसके बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की इस त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालु को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बल लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और आपात स्थिति में राहत उपलब्ध कराने के लिए पूरी मुस्तैदी और सेवा भाव के साथ कार्य कर रहे हैं।
