Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत संचालित अल्ट्रा पुअर कार्यक्रम जनपद रुद्रप्रयाग में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है। इस योजना के माध्यम से जखोली विकासखंड के ग्राम चौरा निवासी सोनम देवी ने आर्थिक तंगी से बाहर निकलकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। सोनम देवी का परिवार लंबे समय से आर्थिक अभाव का सामना कर रहा था। परिवार के पास नियमित आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं था जिससे आजीविका चलाना बेहद कठिन हो गया था। ग्राम स्तर पर किए गए सर्वेक्षण और निर्धारित मानकों के आधार पर उनका चयन अल्ट्रा पुअर कार्यक्रम के लिए किया गया। योजना के अंतर्गत सोनम देवी को 35 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने व्यवस्थित रूप से मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू किया। इससे उन्हें नियमित आय मिलने लगी जिसके परिणामस्वरूप परिवार की आर्थिक स्थिति में लगातार सुधार हुआ। अब वह घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ बचत भी कर रही हैं। सोनम देवी का कहना है कि समय पर मिले मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। उनका मानना है कि यदि जरूरतमंद परिवारों को सही समय पर उचित सहायता मिले तो वे भी सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन जी सकते हैं। आज सोनम देवी अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक रूप से सशक्त होकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। अल्ट्रा पुअर कार्यक्रम का उद्देश्य अत्यंत गरीब और वंचित परिवारों को आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़कर उन्हें गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालना तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *