प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और सुविधा के लिए स्थापित टिहरी पुलिस के खोया-पाया केंद्र लगातार मानवता और सेवा का परिचय दे रहे हैं। इसी क्रम में जानकी सेतु स्थित खोया-पाया केंद्र की तत्परता से अपने परिजनों से बिछड़ी तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल उसके माता-पिता से मिलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित कांवड़ मेला-2026 के दौरान आज लगभग तीन वर्षीय एक बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया। बच्ची अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी लेकिन पुलिस टीम ने धैर्य संवेदनशीलता और सतर्कता का परिचय देते हुए सार्वजनिक उद्घोषणा खोया-पाया तंत्र तथा अन्य माध्यमों से उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के त्वरित और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप बच्ची के माता-पिता जो हरियाणा के भिवानी निवासी हैं का पता लगा लिया गया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को जानकी सेतु स्थित खोया-पाया केंद्र पर सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी मासूम बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता और अन्य परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई मानवीय संवेदनशीलता और सेवा भाव की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। टिहरी पुलिस ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा अथवा व्यक्ति अपने परिजनों से बिछड़ जाए तो घबराने के बजाय तुरंत निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या खोया-पाया केंद्र से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहायता और सेवा के लिए टिहरी पुलिस हर समय पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
