प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने मेले के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 01 अगस्त 2026 को काशीरामपुर निवासी इंदु ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र लकड़ी पड़ाव स्थित सिद्धबली पब्लिक स्कूल के समीप आयोजित मेले में गया था। मेले के दौरान किसी बात को लेकर उसका वहां मौजूद दो युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने उनके पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया जिससे उसके गर्दन गले और सिर पर गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने तत्काल घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ सुरागरसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए काशीरामपुर तल्ला निवासी दो सगे भाइयों मयंक और प्रवीण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। बरामद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 20 वर्षीय मयंक पुत्र राकेश कुमार तथा 19 वर्षीय प्रवीण कुमार पुत्र राकेश कुमार दोनों निवासी काशीरामपुर तल्ला कोटद्वार शामिल हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी सुनिश्चित की।
